धनबाद: धनबाद प्रेस क्लब और 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकारों के लिए आयोजित दो दिवसीय खेल महोत्सव गुरुवार को संपन्न हुआ। 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस महोत्सव में कैरम, लूडो, शतरंज और बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिले के पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में खेल के मैदान पर पत्रकारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, और हर खेल में विजेता के लिए आखिरी क्षण तक संघर्ष जारी रहा।
प्रतियोगिता के परिणामों में कैरम में आफताब आलम ने चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शतरंज में दिलीप कुमार विश्वकर्मा विजेता बने, बैडमिंटन में मो. शाहिद ने बाजी मारी, जबकि लूडो में रितेश मिश्रा विजेता रहे। विजेताओं के प्रदर्शन की समापन समारोह में मौजूद अतिथियों और साथी पत्रकारों ने जमकर सराहना की।
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के डीएफओ विकास पालीवाल उपस्थित रहे। उनके साथ विभिन्न अखबारों के संपादक, 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीएमडी श्याम पांडे, प्रेस क्लब के पदाधिकारी और काफी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को नकद राशि और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया।
इस आयोजन की एक खास बात यह भी रही कि पत्रकारों के बीच लॉटरी के माध्यम से आकर्षक गिफ्ट भी बांटे गए। साथ ही आयोजन को संचालित करने वाले प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के वालंटियरों और अंपायरों को भी सम्मानित किया गया।
बैडमिंटन विजेता मो. शाहिद ने कहा कि 99 ग्रुप और प्रेस क्लब के लोगों ने बहुत ही अच्छे तरीके से कार्यक्रम करवाया, और बहुत ही टक्कर का मैच हुआ। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की जिंदगी तनाव भरी रहती है, और उस बीच अगर खेल का आनंद मिले तो यह बहुत ही अच्छा है। कैरम विजेता आफताब आलम ने भी अपने खेल में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। अतिथियों और पत्रकारों ने धनबाद प्रेस क्लब और 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की इस पहल की सराहना की, और कहा कि इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए।
