धनबाद: धनबाद पुलिस की भगोड़े प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान के गुर्गों के साथ मुठभेड़ हुई। बरवाड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के समीप हुई इस मुठभेड़ में दो अपराधियों को गोली लगी, जबकि एक अपराधी फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, और पुलिस ने मौके की बैरिकेडिंग कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, एक बाइक पर तीन अपराधी लेवी वसूलने पहुंचे थे। लेवी वसूलने की सूचना मिलने पर पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची, जहां अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस फायरिंग में दो अपराधियों को गोली लगी। घायल अपराधियों की पहचान पुटकी निवासी शूटर नजीर अंसारी (36 वर्ष) और वासेपुर निवासी इरफान अंसारी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल दोनों अपराधियों को पुलिस ने एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया है।
घटना स्थल पर एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब, मुख्यालय डीएसपी कुमार विनोद सहित धनबाद और बरवाड्डा थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस ने हथियार, मोबाइल और बाइक जब्त की है। एफएसएल की टीम के आने के बाद बाइक की गहन जांच की जाएगी।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि एक बाइक पर तीन अपराधी लेवी वसूलने पहुंचे थे। सूचना मिलते ही गश्ती दल पहुंचा, जहां अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शूटर नजीर अंसारी और वासेपुर निवासी इरफान अंसारी को गोली लगी है। पूछताछ में सामने आया है कि एक अपराधी मौके पर गोपी खान से फोन पर बात कर रहा था। प्रिंस खान का भाई गोपी खान है, उसी के इशारे पर ये लोग काम कर रहे होंगे। फरार अपराधी की तलाश जारी है, और पुलिस ने एक टीम को उसके पीछे लगाया है। मोबाइल भी सीज हुआ है, और डिटेल जांच के बाद और जानकारी दी जाएगी।
