मैथन से चेक पोस्ट तक पशु तस्करों का राज: निरसा के शमशाद और गुलाबी पर वाहनों को थाना पार कराने की जिम्मेदारी

Local

धनबाद: चेक पोस्ट से लेकर धनबाद के मैथन तक पशु तस्करों का नेटवर्क इतना मजबूत है कि धनबाद जिले की सीमा के अंदर अवैध धंधा बेरोक-टोक जारी है। अकील खान उर्फ फंटूश के गिरोह के गुर्गों के आगे जनप्रतिनिधियों की बात तो दूर, पुलिस की भी नहीं चलती। यह आरोप नहीं, बल्कि जीटी रोड पर हर दिन दिखाई देने वाली हकीकत है, जिस पर अब सवाल उठने लगे हैं।

सूत्रों के अनुसार, निरसा के शमशाद और गुलाबी के पास पशु लदे वाहनों को थाना पार कराने की जिम्मेदारी है। क्रूरता से मवेशी लदे वाहनों को ‘पासिंग का पास’ दिखाकर किसी भी थाने से गुजर जाने की हिमाकत इन तस्करों की वर्षों से बनी हुई है। दर्जनों वाहन रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं, और हर बार वही सवाल उठता है कि आखिर यह सब कैसे हो रहा है।

हाल ही में बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने 25 गाड़ियां पकड़े जाने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीजीपी तक शिकायत करने की बात कही। विधायक ने कहा कि कैसे इतने वाहन क्रूरता से बेजुबान मवेशियों को लादकर दर्जन भर थानों को पार कर पुलिस प्रशासन को चकमा दे रहे हैं। इन पर कार्रवाई क्यों नहीं होती, जबकि हर दिन इतने लंबे रूट पर मवेशी तस्करों का एकछत्र राज चलता है।

एक दिन पहले चौपारण पिकेट के आगे बरही के पास मवेशी लदा वाहन पकड़े जाने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूत्रों की मानें तो धनबाद के भी कई हथियारबंद गुर्गे रात भर जीटी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों से पशु लदे वाहनों को पार कराने की जिम्मेदारी लेते हैं। पुलिस कार्रवाई हो तो हथियार के साथ अपराधी पकड़े जाएंगे। हाल में मैथन में पकड़े गए पशु लदे वाहन से भी इसका खुलासा हुआ, लेकिन सिर्फ चालक और खलासी पकड़े गए, सरगना बेखौफ धंधे में लिप्त है।

सवाल यह है कि आखिर कैसे और कब इस अवैध धंधे पर रोक लगेगी? सिंडिकेट का खौफ कहें या पुलिस प्रशासन के साथ मिलीभगत, ऐसे सिंडिकेट की धरपकड़ नहीं होती। यही अकील खान उर्फ फंटूश हजारीबाग से लेकर मैथन तक अवैध लॉटरी का सरगना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *