रणधीर वर्मा चौक पर भारतीय मजदूर संघ का धरना-प्रदर्शन, श्रमिकों की 11 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन

Local

धनबाद: भारतीय मजदूर संघ की ओर से सोमवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर श्रमिकों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। इसमें आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाओं सहित बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से श्रमिकों की मांगों पर ध्यान देने और उन्हें पूरा करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में श्रमिकों का न्यूनतम वेतन बढ़ाना, ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 1,000 रुपये से बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रतिमाह करना और महंगाई भत्ता देना शामिल है। इसके साथ ही ईपीएफ की वेतन सीमा बढ़ाने और ईएसआई की वेतन सीमा 21,000 रुपये से बढ़ाकर 42,000 रुपये करने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन योजना को दोबारा लागू करने की मांग भी रखी। आंगनबाड़ी और अन्य योजना कर्मियों को श्रमिक का दर्जा देकर मानदेय में बढ़ोतरी, श्रम संहिताओं में मौजूद श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने, बैंकिंग सेक्टर में पांच दिन कार्य दिवस करने और समान काम का समान वेतन देने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही गई।

भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर देश भर के जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया गया। धनबाद में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मुरारी ताटी, अध्यक्ष धनबाद कर्मचारी संघ, ने कहा कि 17 तारीख को जिले के सभी मुख्यालयों पर आंदोलन करने के लिए लोग इकट्ठा हुए हैं। भारतीय मजदूर संघ ने श्रम मंत्रालय, भारत सरकार से 11 सूत्री मांग रखी है। इसमें ईएसआईसी का वेतनमान, ईपीएस का पेंशन, योजना कर्मियों को समान काम का समान वेतन, रेडी-पटरी पर काम करने वाले मजदूरों और ठेका मजदूरों को भी समान वेतन देने जैसी मांगें शामिल हैं। प्रदर्शन के बाद सरकार को इसके माध्यम से ज्ञापन भी दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *