विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में शहर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा धनबाद

Local

धनबाद: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर धनबाद विधानसभा भाजपा की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में सुबह 10:30 बजे जिला परिषद मैदान से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, समर्थक और नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया।

तिरंगा यात्रा जिला परिषद मैदान से प्रारंभ होकर कंबाइंड बिल्डिंग होते हुए गांधी चौक तक पहुंची, और फिर रणधीर वर्मा चौक तक निकली। रास्ते में बड़ी संख्या में आम लोग इसमें शामिल होते गए। बच्चे स्कूल से भाग ले रहे थे, शिक्षक भाग ले रहे थे, समाज के लोग भाग ले रहे थे। यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे शहर की भागीदारी का दृश्य बन गई।

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, गौरव, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज इस तिरंगे की आन-बान-शान के लिए हम सब संकल्पित हैं कि हमारा तिरंगा लहराता रहे, विश्व में इसका परचम लहराता रहे।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के नागरिकों ने संकल्प लिया है कि 2047 में, जो आजादी का 100वां वर्ष होगा, उस अवसर पर भारतवर्ष फिर से विश्व गुरु बनेगा, भारतवर्ष विकसित राष्ट्र बनेगा और अपना पुराना खोया हुआ गौरव प्राप्त करेगा। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी इंतजाम किए गए थे, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *