धनबाद: मैथन से लेकर धनबाद जिले की सीमा तक पशु तस्करों की तूती बोलती है। नेटवर्क ऐसा मजबूत है कि धनबाद जिले की सीमा के अंदर किसी थाना पुलिस की भी नहीं सुनता। अकील खान उर्फ फंटूश के गिरोह के गुर्गों के आगे जनप्रतिनिधि की भी नहीं चलती। जीटी रोड पर यह कहानी नई नहीं है, लेकिन हर बार पकड़े जाने के बाद भी यह धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा।
क्रूरता से मवेशी लदे वाहनों की ‘पासिंग का पास’ दिखाकर किसी भी थाने से गुजर जाने की हिमाकत इन तस्करों की वर्षों से बनी हुई है। एक वाहन नहीं, दर्जनों वाहन। एक थाना नहीं, दर्जन भर थाने। और हर बार वही तरीका, वही पास, वही रास्ता। यह सवाल अब आम लोगों के बीच भी उठने लगा है कि आखिर इतने लंबे रूट पर यह खेल कैसे चल रहा है।
हाल ही में बरही के पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला ने 25 गाड़ियां पकड़े जाने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीजीपी तक शिकायत करने की बात कही। विधायक ने कहा कि आखिर कैसे इतने वाहन क्रूरता से बेजुबान मवेशियों को लादकर दर्जन भर थानों को पार कर पुलिस प्रशासन को चकमा दे रहे हैं। इन पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती, जबकि हर दिन इतने लंबे रूट पर मवेशी तस्करों का एकछत्र राज चलता है।
एक दिन पहले चौपारण पिकेट के आगे बरही के पास मवेशी लदा वाहन पकड़े जाने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। सिंडिकेट का खौफ कहें या पुलिस प्रशासन के साथ मिलीभगत, ऐसे सिंडिकेट की धरपकड़ नहीं होती। सवाल यह है कि आखिर कैसे और कब इस अवैध धंधे पर रोक लगेगी?
यही अकील खान उर्फ फंटूश हजारीबाग से लेकर मैथन तक अवैध लॉटरी का सरगना भी है। सरगना में हजारीबाग, गिरिडीह के काजल कुरैशी, सैफी खान, मजहर कुरैशी हथियारबंद लड़कों के साथ लग्जरी वाहनों से रास्ते के थानों को सेट रहने का दावा करते हैं। सूत्रों की मानें तो धनबाद के भी कई हथियारबंद गुर्गे रात भर जीटी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों से पशु लदे वाहनों को पार कराने की जिम्मेदारी लेते हैं।
