धनबाद: धनबाद के बिनपुर के रजवार बस्ती में अवैध गुटखा लदे कंटेनर में अचानक आग लग गई। ट्रांसफार्मर के पास खड़े कंटेनर में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया। आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, और स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
आग में ड्राइवर और खलासी गंभीर रूप से झुलस गए, जिनका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को बुझाया गया, लेकिन तब तक एक बड़ा राज सामने आ चुका था। कंटेनर में डायरेक्टर पान मसाला नामक कंपनी का गुटखा लदा था, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
आग लगने के कारण अवैध गुटखा के गोदाम का खेल सामने आ गया। गोदाम मालिक ने बताया कि गोदाम सचिन चौरसिया नामक व्यक्ति ने किराए पर लिया था। सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार मौके पर पहुंचे और गोदाम को सील कर दिया।
डॉ. राजा कुमार ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि यहां पर गुटखा से लदा हुआ एक ट्रक कंटेनर में आग लगी थी, और उच्च अधिकारियों ने कार्रवाई करने के लिए कहा था। जिस गोदाम में पान मसाला अनलोड होना था, उसकी जानकारी भी मिली, लेकिन गोदाम का मालिक सहयोग नहीं कर रहा है और उसने फोन भी स्विच ऑफ कर रखा है। इसी कारण गोदाम को सील किया गया है।
उन्होंने बताया कि गोदाम अभी तक खोला नहीं गया है, क्योंकि जिसने रेंट पर गोदाम लिया है, उसने अभी तक गोदाम खोला नहीं है और सहयोग नहीं कर रहा है। पान मसाला का सैंपल ले लिया गया है और थाने में भी गुटखा जब्त करके रखा गया है। झारखंड में गुटखा प्रतिबंधित है, और सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा गोदाम संचालक सचिन चौरसिया से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उसने मोबाइल बंद कर दिया है।
