धनबाद: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में धांधली के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सियासत गरमा गई है। विरोध में बीजेपी के बंद का असर धनबाद में भी देखने को मिला। धनबाद पुलिस लाइन के समीप बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बंद को सफल बनाने की अपील करने लगे। कार्यकर्ताओं ने आसपास के दुकानदारों से दुकानें बंद रखने और बंद को समर्थन देने की अपील की। सड़क पर घंटों प्रदर्शन के चलते यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी रही।
जाम में आम लोगों के साथ छात्रों और ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने काम पर समय से नहीं पहुंच सके, और सड़क पर लंबी कतारें लग गईं। यह प्रदर्शन सिर्फ एक सड़क जाम नहीं था, बल्कि छात्रों के मुद्दे पर सियासी टकराव का एक बड़ा दृश्य था।
बीजेपी का आरोप है कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि किस तरह से निहत्थे छात्रों पर लाठियां बरसाई गईं, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और छात्रों पर आंसू गैस छोड़ी गई। उनका कसूर क्या था? उन्होंने कहा कि सरकार ने नौकरियां बेची हैं, युवाओं के रोजगार को छीना है, और आज युवा अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
बीजेपी ने कहा कि यह निकम्मी हेमंत सरकार बैठकर अंदर जन्मदिन मनाती है, और यहां के छात्रों को तोहफे के रूप में लाठियां और आंसू गैस दे रही है। बीजेपी ने कहा कि सड़क से सदन तक यह आंदोलन जारी रहेगा, जब तक हेमंत सरकार इस्तीफा नहीं देती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
