दिल्ली से चला रहा अकील खान उर्फ फंटूश पशु तस्करी का सिंडिकेट, कोई कार्रवाई नहीं

Local

धनबाद: धनबाद जिले की सीमा क्षेत्र के अंदर मैथन चेक पोस्ट से तोपचांची तक और आगे बढ़कर चौपारण और गोरहर तक, विगत कुछ महीनों से पशु तस्करों का राज चल रहा है। हजारीबाग का रहने वाला अकील खान उर्फ फंटूश इस सिंडिकेट का सरगना बना हुआ है, और दिल्ली में बैठकर वह इस पूरे खेल को चला रहा है।

एक ओर जहां धनबाद पुलिस एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है, जिले भर में पुलिस की सख्त कार्रवाई के कारण अपराधी छिपे हुए हैं या अपराध को तौबा कर रहे हैं, वहीं कुछ आपराधिक किस्म के लोग चोरी-छिपे पुलिस की इस मेहनत पर पानी फेरने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। दिल्ली में बैठा पशु तस्करों का सरगना पैसों के दम पर अवैध तस्करी का खेल दिन-रात चला रहा है।

सिंडिकेट का मुख्य सरगना मजहर कुरैशी, काजल कुरैशी और सैफी खान लग्जरी वाहनों से हथियारबंद लड़कों के साथ जीटी रोड पर गश्त लगाते रहते हैं। यही नहीं, जानकारी के अनुसार कई दर्जन बड़े पैमाने पर वाहनों से पशुओं को क्रूरता से तस्करी कर बंगाल की ओर भेजा जा रहा है। यह रास्ता लंबा है, थाने कई हैं, लेकिन सिंडिकेट का दावा है कि सिक्कों की खनक के बल पर सब कुछ मैनेज है।

हालांकि हाल के दिनों में पुलिस ने टुंडी, तोपचांची और राजगंज जैसी जगहों पर कार्रवाई तो की, लेकिन धंधे पर कोई खास असर नहीं पड़ा। जहां पर कार्रवाई हुई, वहां से स्थानीय लोगों ने भी इस अवैध धंधे के खिलाफ आवाज उठाई। बावजूद इसके धंधा नहीं रुका।

धनबाद के पुराने सिंडिकेट के नाम के साथ अगली किस्त में खुलासा होगा। यह कहानी यहीं खत्म नहीं होती, क्योंकि जब तक सरगना तक कार्रवाई नहीं पहुंचती, तब तक सिर्फ चालक और खलासी पकड़े जाते रहेंगे, और धंधा चलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *